श्रीखण्ड टाइम्स, शिमला।
शिमला जिले के कोटखाई थाना क्षेत्र के रामनगर इलाके में ऐसा ही एक दर्दनाक हादसा पेश आया, जिसमें चार लोगों की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य घायल हो गए। जानकारी के मुताबिक सोमवार को सम्पर्क मार्ग पर एक पिकअप वाहन लिंक रोड से गुजर रहा था कि अचानक वाहन अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरा।खाई में गिरते ही घटनास्थल पर चीख-पुकार मच गई और आसपास के लोग मौके पर पहुंचे।
स्थानीय ग्रामीणों ने तुरंत राहत और बचाव कार्य शुरू कर दिया और पुलिस को इसकी सूचना दी।सूचना मिलते ही कोटखाई थाना पुलिस दल-बल के साथ घटनास्थल पर पहुंची और राहत कार्य में जुट गई।
घायलों को तुरंत खाई से बाहर निकालकर नजदीकी अस्पताल पहुंचाया गया। कोटखाई के एसएचओ ने बताया कि हादसे में चार लोगों की मौत हुई है। इनमें से दो ने मौके पर ही दम तोड़ दिया था, जबकि दो अन्य ने अस्पताल में उपचार के दौरान जान गंवाई।
वहीं, तीन घायलों का इलाज अस्पताल में चल रहा है।हादसे के बाद क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है। मृतकों और घायलों की पहचान की प्रक्रिया पुलिस द्वारा जारी है। प्रशासन ने मृतकों के परिजनों को हर संभव सहायता देने का आश्वासन दिया है। फिलहाल कोटखाई पुलिस दुर्घटना के कारणों की जांच कर रही है।
