Spread the love

शिमला : राजधानी शिमला के रामबाजार में वीरवार को एक कोरोना संक्रमित मामला सामने आने के बाद भी लोग लापरवाही बरत रहे हैं। शिमला के आइजीएमसी में उसे कोरोना टेस्ट के दौरान संक्रमित पाया गया है। इसके बाद पूरे रामबाजार के लोगों में दहशत तो है, लेकिन लोग कोरोना के नियमों का पालन करने के लिए तैयार नहीं हैं। बाजार में खरीदारी के लिए आ रहे लोग भी अब कोरोना की ज्यादा परवाह नहीं कर रहे हैं, न ही कोरोना के नियमों का सख्ती से पालन कर रहे हैं। उचित शारीरिक दूरी का तो सवाल ही नहीं उठता। लोग अब बाजार में बिना मास्क ही निकल रहे हैं।

रामबाजार से लेकर मिडल बाजार तक का रास्ता संकरा होने के कारण लोग एक साथ ही चलते-फिरते रहते हैं। इसकी वजह से उचित शारीरिक दूरी नहीं रहती है, ऐसे में कोरोना संक्रमण फैलने का खतरा बढ़ जाता है। कई लोगों के साथ उनके छोटे बच्चे भी बाजार आते हैं। बच्चों में भीड़ अधिक होने से संक्रमण का खतरा भी ज्यादा रहता है। कई बच्चे भी बिना मास्क के ही घूमते हैं, उन्हें ज्यादा एहतियात बरतने की जरूरत है।

प्रदेश में फिर से कोरोना के मामले सामने आने लगे हैं। ऐसे में लोग इस तरह ढिलाई बरतेंगे तो समस्याएं आने वाले समय में और ज्यादा खतरनाक हो सकती हैं। वहीं कारोबारी भी सामान देते समय कोरोना का सख्ती से पालन नहीं कर रहे हैं। अगर उन्हें कोई कुछ कह दे तो वह खरीदारों के साथ ही ऊंची आवाज में बात करने लग जाते हैं।

Leave a Reply