शिमला। हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने ओमिक्रोन वैरिएंट की दहशत व क्रिसमस और न्यू ईयर के जश्न के लिए प्रदेश में आने वाले पर्यटकों को लेकर बड़ा बयान दिया है। मुख्यमंत्री ने कहा क्रिसमस और न्यू ईयर का जश्न मनाने के लिए भारी संख्या में लोग हिमाचल पहुंचेंगे। प्रशासन को निर्देश दिए जाएंगे कि नए वैरिएंट के खतरे को देखतेे हुए भीड़ को नियंत्रित करें व एक स्थान पर ज्यादा लोग एकत्र न हों। प्रशासन से यह सुनिश्चित करवाया जाएगा कि एक स्थान पर जरूरत से ज्यादा लोगों की भीड़ एकत्र न हो। मुख्यमंत्री ने पर्यटकों से कोविड वैक्सीन की डाेज लगाने के बाद ही हिमाचल आने का आग्रह किया। साथ ही पर्यटकों से कोविड के नियमों का पालन करने का भी आह्वान किया।
मुख्यमंत्री ने कहा कोरोना संक्रमण के ओमिक्रोन वैरिएंट ने चिंता बढ़ाई है। लेकिन हिमाचल प्रदेश शत प्रतिशत वैक्सीनेटेड राज्य है। कोविड वैक्सीन लगाने में हिमाचल प्रदेश में शानदार कार्य किया है। मुख्यमंत्री ने उम्मीद जताई कि कोविड का नया वैरिएंट हिमाचल प्रदेश में ज्यादा प्रभाव नहीं डाल सकेगा।
क्रिसमस पर इस बार मौसम करवट बदल रहा है व बर्फबारी की संभावना जताई गई है। ऐसे में पर्यटकों में हिमाचल आने को लेकर भारी उत्साह है। मनाली व कसौली में अभी से ही अधिकतर होटल पैक हो गए हैं। इसके न्यू ईयर सेलिब्रेशन को लेकर भी अभी से बुकिंग शुरू हो गई है।
मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर पीएम मोदी से मिलने के लिए दिल्ली गए हुए थे। संसद भवन के बाहर मीडिया से बातचीत के दौरान उन्होंने इस संबंध में जानकारी दी। जयराम ठाकुर ने सरकार के चार साल पूरे होने पर 27 दिसंबर को हो रहे कार्यक्रम के लिए पीएम मोदी को न्योता दिया। इसके अलावा लोकसभा के अध्यक्ष ओम प्रकाश बिड़ला को भी निमंत्रण दिया।
