Spread the love

शिमला।। हिमाचल प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष प्रतिभा सिंह ने विधानसभा चुनावों को लेकर पार्टी नेताओं व पदधाधिकारियों, विभिन्न अग्रणी संगठनों के साथ बैठकों का दौर शुरू कर दिया है। प्रतिभा सिंह आज वीरवार को राजीव भवन में कांग्रेस की चार्जशीट कमेटी के साथ बैठक करेंगी। तीन बजे अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी अनुसूचित जाति विभाग के अध्यक्ष राजेश दलोठिया के साथ बैठक करेंगी। 27 मई को प्रतिभा सिंह सुबह 11 बजे हिमाचल प्रदेश अनुसचित विभाग की एक बैठक की अध्यक्षता करेंगी। शाम तीन बजे हिमाचल प्रदेश बुद्धिजीवी विभाग की बैठक में हिस्सा लेंगी। 28 मई को सुबह 11 बजे राजीव भवन में युवा कांग्रेस की और तीन बजे एनएसयूआइ की रिव्यू बैठक में मौजूद रहेंगी। ये बैठकों का दौर अब लगातार चलता ही रहेगा।

पेपर लीक मामले में डीजीपी को पद से हटाए सरकार
पुलिस भर्ती के पेपर लीक मामले में युवा कांग्रेस और एनएसयूआइ ने प्रदर्शन कर डीजीपी को पद से हटाने की मांग उठाई है। साथ ही पुलिस मुख्यालय के घेराव की चेतावनी दी है। युवा कांग्रेस के कार्यकर्ता एक सप्ताह से प्रदेशभर में क्रमिक अनशन पर बैठे हैं। डीजीपी संजय कुंडू को पद से हटाने और इस मामले की न्यायिक जांच की मांग उठाई जा रही है। बुधवार को शिमला एसपी कार्यालय के बाहर युवा कांग्रेस और एनएसयूआइ के कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन किया। इस दौरान सरकार सहित डीजीपी के खिलाफ नारेबाजी की गई।
एनएसयूआइ के प्रदेश महासचिव शुभम वर्मा ने कहा कि इस पूरे प्रकरण के दौरान पुलिस महानिदेशक संजय कुंडू कहीं नजर नहीं आते और न ही उनकी तरफ से कोई बयान आया है। प्रदेश में पुलिस भर्ती में इतना बड़ा घोटाला होने के बावजूद डीजीपी को चिंता तक नहीं है। भाजपा सरकार प्रदेश के युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ कर रही है। कई युवाओं ने पुलिस में भर्ती होने के लिए कड़ी मेहनत की और परीक्षा को उत्तीर्ण किया, लेकिन कुछ युवाओं ने पैसे देकर पेपर खरीद कर 70 से ज्यादा नंबर लिए हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि विशेष जांच दल (एसआइटी) सुबूतों को मिटाने का काम कर रहा है। यदि जल्द ही डीजीपी को पद से नहीं हटाया तो पुलिस मुख्यालय का घेराव किया जाएगा।

Leave a Reply