हिमाचल प्रदेश। मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर आज बाद दोपहर पालमपुर पहुंच रहे हैं। पालमपुर में मुख्यमंत्री का पहुंचने का मुख्य उद्देश्य पार्टी पदाधिकारी, कार्यकर्ताओं से संवाद करना है। यह संवाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की मंडी रैली को लेकर किया जाएगा। रैली को सफल बनाने के लिए जयराम ठाकुर जरूरी दिशा निर्देश देंगे। प्रदेश सरकार के स्वर्णिम चार वर्ष पूर्ण होने पर 27 दिसंबर को मंडी में होने वाली प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कार्यक्रम को लेकर वूल फेडरेशन कार्यालय परिसर पालमपुर में बैठक आयोजन किया जा रहा है।भाजपा प्रदेश महामंत्री एवं प्रभारी कांगड़ा-चंबा संसदीय क्षेत्र त्रिलोक कपूर ने बताया बैठक की अध्यक्षता मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर करेंगे।

बैठक में प्रशासनिक जिला कांगड़ा के सभी मंत्री, विधायक, 2017 चुनाव में भाजपा प्रत्याशी, समस्त कार्यकर्ता, संगठनात्मक जिलों के अध्यक्ष, मंडलों के अध्यक्ष और सभी मोर्चों के अध्यक्ष इस बैठक में उपस्थित रहेंगे। बैठक का आयोजन वूल फेडरेशन परिसर में होगा।सीएम मंडी में आयोजित होने वाली प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की रैली के लिए पार्टी के नेताओं और कार्यकर्ताओं से विचार-विमर्श करेंगे तथा रैली की सफलता के लिए आवश्यक दिशा निर्देश जारी करेंगे। बैठक में भाग लेने के लिए मुख्यमंत्री दोपहर बाद दो बजे के करीब पालमपुर पहुंचेंगे और बैठक के बाद मुख्यमंत्री मंडी के लिए लौट जाएंगे।
